बुधवार, 2 अप्रैल 2014

लोकसभा चुनाव बाद मोदी उप्र में नज़र नहीं आएंगे-अखिलेश

सच्चाई यह है कि बीजेपी की कहीं कोई लहर नहीं है। चुनाव में बीजेपी को उसकी हैसियत पता चल जाएगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश में विजिटर हैं। वे चाहे वाराणसी से चुनाव जीतें या हारें, लेकिन इतना जरूर है कि चुनाव के बाद वे उत्तर प्रदेश में कहीं नजर नहीं आएंगे।
अखिलेश ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सभाओं में बोला हल्लाफिर उसी तेवर में नजर आए अखिलेश यादव जैसे विधान सभा चुनाव के प्रचार में उतरे थे
बुलंदशहर/ ज्योतिबाफुलेनगर/ बागपत, 29 मार्च। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई सभाओं में केन्द्र की संप्रग सरकार पर करारा हमला बोला है। संप्रग सरकार को घोटालेबाजों की सरकार बताते हुये कहा है कि अब केन्द्र की सत्ता से इसकी विदाई होनी चाहिए। हरक्युलिस विमान हादसे पर उन्होंने संप्रग सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुये कहा कि इसके पीछे भी कोई घोटाला तो जिम्मेदार नहीं है। भारतीय जनता पार्टी को हवा-हवाई पार्टी बताते हुये कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा की करारी हार होगी। लोकसभा चुनाव के बाद देश में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी। तीसरे मोर्चे की सरकार में समाजवादी पार्टी की अहम भूमिका होगी। अखिलेश यादव फिर उसी तेवर में नजर आए जैसे विधान सभा चुनाव के प्रचार में उतरे थे।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करते हुये हर्क्युलिस विमान हादसे और पिछले दिनों दो पनडुब्बियों में हुये हादसों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि केन्द्र को इस पर तुरंत जवाब देना चाहिए। देश में ऐसा पहली बार हो रहा है जब केन्द्र सरकार की लापरवाही की वजह से सेना सवालों के घेरे में आ गई है। दुनिया भर में भारतीय फौज की साख और उसकी क्षमता पर सवाल उठ रहे हैं। हर्क्युलिस विमान हादसे ने फौज की क्षमता पर सवालिया निशान लगा दिया है। सरकार को बताना चाहिए कि हर्क्युलिस विमान हादसे के पीछे क्या वजह है। कहीं ऐसा तो नहीं कि सेना के लिये साजो-सामान की खरीद में जो घोटाला हुआ है उसकी वजह से यह हादसा हुआ। हर्क्युलिस विमान हादसा और दो पनडुब्बियों में हुये हादसों का सेना के मनोबल पर गहरा असर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की कोई चिंता नहीं है। हर्क्युलिस विमान हादसे से देश की फौज सन्न है, लेकिन सरकार पर इसका कोई असर नहीं दिखा है। संप्रग सरकार ने देश का मान-सम्मान गिराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बतौर रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल की सेना के लोग आज तक तारीफ करते हैं। नेताजी ने फौज के लोगों के हित में अनेक योजनाएं और कार्यक्रम शुरू किए थे। नेताजी के ऐतिहासिक फैसले के चलते शहीदों का पार्थिव शरीर उसके घर तक सम्मान के साथ भेजा जाता है। पहले शहीद के घर वाले अंतिम दर्शन नहीं कर पाते थे।
लोकसभा चुनाव के प्रचार का शुभारंभ करते हुये अखिलेश यादव ने शनिवार को ताबड़तोड़ तीन रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने सबसे पहले गौतमबुद्ध नगर से सपा उम्मीदवार नरेंद्र भाटी के समर्थन में बुलंदशहर के सिकंदराबाद में जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री की दूसरी जनसभा अमरोहा लोकसभा क्षेत्र के गढ़मुक्तेश्वर में सपा प्रत्याशी हुमैरा अख्तर के समर्थन में हुई। तीसरी सभा बागपत लोकसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी गुलाम मोहम्मद के समर्थन में हुई।मुख्यमंत्री ने अपनी तीनों जनसभाओं में कांग्रेस और भाजपा के साथ ही आम आदमी पार्टी को भी निशाने पर रखा। उन्होंने कहा कि केन्द्र की संप्रग सरकार ने देश की जनता को धोखा दिया है। संप्रग सरकार को लोग भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी के लिये याद रखेंगे। संप्रग सरकार के कार्यकाल में देश में सबसे ज्यादा घोटाले हुये। कोयला घोटाला2जी स्पेक्ट्रम घोटालामुंबई में आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटालाफौज के लिये जीप और साजो-समान की खरीद में घोटाला हुआ। केन्द्र सरकर की गलत आर्थिक नीतियों की वजह से देश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है।बीजेपी के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद की गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस येन-केन-प्रकारेण चुनाव में जीत हासिल करना चाहती है। चुनाव जीतने के लिये उसने उम्मीदवारों के चयन में सही फैसला नहीं किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनता संप्रग सरकार से ऊब गयी है। लोग बदलाव चाहते हैं। 2012 में विधानसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में बदलाव हुआ, अब लोकसभा चुनाव के बाद केन्द्र में बदलाव होगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र में अगली सरकार तीसरे मोर्चे की बनेगी। देश की जनता इस चुनाव में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी को नकार देगी। तीसरे मोर्चे के गठन में सपा की अहम भूमिका होगी। लोकसभा चुनाव में सपा उम्मीद से कहीं बहुत ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। सपा सरकार ने यूपी में बहुत अच्छा काम किया है। देश के लोगों को समाजवादी सरकार की नीतियां और कार्यक्रम पसंद आ रहे हैं। लोग सपा की तरफ बहुत उम्मीदों से देख रहे हैं। उन्होंने साफ-साफ कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी जितनी ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतेगी केन्द्र में में सपा प्रमुख की भूमिका उतनी ही महत्तवपूर्ण होगी। यह तय है कि केन्द्र में अगली सरकार सपा के सहयोग के बिना नहीं बनेगी।
भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुये अखिलेश यादव ने कहा कि यह पार्टी कॉर्पोरेट घरानों से मिले धन और मीडिया के दम पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा के नेता कहते हैं कि पूरे देश में बीजेपी की लहर है। अगर देश में सचमुचबीजेपी की लहर है तो उसके नेता सीटों के लिये मारामारी क्यों कर रहे हैं। उन्हें कहीं से भी चुनाव लड़ने से नहीं डरना चाहिए। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि बीजेपी की कहीं कोई लहर नहीं है। चुनाव में बीजेपी को उसकी हैसियत पता चल जाएगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश में विजिटर हैं। वे चाहे वाराणसी से चुनाव जीतें या हारें, लेकिन इतना जरूर है कि चुनाव के बाद वे उत्तर प्रदेश में कहीं नजर नहीं आएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केन्द्र की सत्ता में आने के लिये इतनी उतावली है कि वह सभी तरह के हथकंडों को आजमा रही है। चुनाव जीतने के लिये भाजपा में अपराधियों तक को शामिल किया जा रहा है। देश की जनता सब कुछ देख रही है। चुनाव में वह बीजेपी को सबक सिखाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी को ज्यादा तवज्जो देने की जरूरत नहीं है। आम आदमी पार्टी की राजनीति अराजकतवादी है। ऐसे लोग ज्यादा लंबे समय तक रेस में नहीं टिकते है। अरविंद केजरीवाल का नाम लिये बिना कहा कि जिसने 49 दिन में अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुये दिल्ली की सत्ता छोड़ दी वह भला देश क्या चलाएगा। इस पार्टी को मीडिया ने बनाया था और वही मिटा देगा।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें