सोमवार, 18 अगस्त 2014

मोदी युग की शाही भाजपा

नई दिल्ली। भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष अमित शाह ने अपनी नयी टीम की घोषणा कर दी है। अमित शाह ने अपनी जिस नयी टीम का ऐलान किया है उसमें उत्तर प्रदेश का दबदबा है। कुल 47 लोगों की घोषित राष्ट्रीय टीम में अकेले उत्तर प्रदेश से दस पदाधिकारी शामिल हैं। इसमें दो उपाध्यक्ष, एक महासचिव, एक संगठन सहसचिव, तीन सचिव और दो प्रवक्ता शामिल हैं।

अमित शाह की नयी टीम में भले ही उत्तर प्रदेश का दबदबा हो लेकिन उत्तर प्रदेश के मोदी कहे जाना वाले वरुण गांधीका नाम गायब है। इससे पहले राजनाथ सिंह की टीम में वरुण गांधी महासचिव थे। फिलहाल वे सुल्तानपुर से भाजपा के सांसद हैं।

वरुण गांधी के अलावा अमित शाह ने जहां महासचिवों में कोई खास फेरबदल नहीं किया है वहीं ज्यादातर उपाध्यक्ष नये हैं। जो ग्यारह उपाध्यक्ष बनाये गये हैं उनमें कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, झारखण्ड के रघुवरदास, गुजरात से पुरुषोत्तम रूपाला, उत्तर प्रदेश से दिनेश शर्मा, बिहार से रेनू देवी और महाराष्ट्र से विनय सहस्रबुद्धे के नाम शामिल हैं। इनके अलावा बंडारू दत्तात्रेय, सत्यपाल मलिक, मुख्तार अब्बास नकवी, प्रभात झा, किरण माहेश्वरी उपाध्यक्ष बने हुए हैं।

आठ महासचिवों में संगठन महासिचव रामलाल को बदलने की चर्चा थी लेकिन नयी टीम में वे बतौर संगठन महासचिव मौजूद हैं। राममाधव, सरोज पांडे, भूपेन्द्र यादव और प्रो. रामशंकर कथीरिया को महासचिव के बतौर अमित शाह की टीम में शामिल किया गया है। बाकी मुरलीधर राव, जगत प्रकाश नड्डा और राजीव प्रताप रूडी महासचिव बने हुए हैं।

इसके अलावा अमित शाह ने चार सह संगठनमंत्री, 14 सचिव और 10 प्रवक्ता नियुक्त किये हैं। शहनवाज हुसैन, मीनाक्षी लेखी, नलिन कोहली, संबित पात्रा, अनिल बलूनी और जीवीएल नरसिंहराव को पहली बार प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें